Tuesday, 27 May 2025

जागो भारत! पढ़ो उन्हें, स्वामी से हो उद्धार

डॉ. राघवेन्द्र मिश्र, JNU (लेखक/रचनाकार)

स्वामी दयानंद का लेखन, ज्योतिर्मय परवेश,
जहाँ शब्द बने शस्त्र सत्य के, जहाँ तर्कों में रेश।
नभ में जैसे सूर्य उदय हो, तम के पाले हार,
ऐसे उनके ग्रंथ सभी, ज्ञान-ज्योति अपार।।

सत्यार्थ प्रकाश प्रथम दीप, सत्य-पथ का सार,
छुआछूत को तोड़ चला, वेदों का सत्कार।
चौदह अध्यायों में लिखा, जीवन का विज्ञान,
नारी, वेद, समाज, धर्म सबमें दिया विधान।।

ऋग्वेद भाष्य की सतरंगी, वेद ऋचाएँ बोलें,
हर मंत्र में मोती बिखरे, ज्ञान सुधा को घोलें।
ना केवल पूजा की विधियाँ, ना केवल मंत्र-जाल,
भावार्थों में छिपी सदी की, वैदिक नीति विशाल।।

यजुर्वेद भाष्य में बताया, यज्ञों हो आदर्श,
धर्म नहीं जो डर से उपजे, धर्म वही जो विमर्श।
कर्म करो, स्वधर्म निभाओ, ईश्वर है सदा साथ,
सत्य–संस्कृति, कर्म-योग सब, ग्रंथ को झुकाओ माथ।।

‘ऋग्वेदादि भाष्य भूमिका’, वेदों का अभिनंदन,
शब्द नहीं बस, आत्मा बोले, तर्कों का अभिनव वंदन।
अपौरुषेय वेद बताते, ईश्वरीय यह ज्ञान,
जो भी पढ़े हृदय से इसको, पा जाए ब्रह्म का ध्यान।।

‘गौ करुणा निधि’ रच डाली, गो माता का गान,
भारत की आत्मा को दी, करुणा की पहचान।
नवयुवक हों या वृद्ध जन, सबको दिया संदेश,
गौ रक्षा में राष्ट्र बचेगा, यही सच्चा देश।

‘संस्कार विधि’ में लिखा, जीवन के पावन कर्म,
गर्भ से लेकर मृत्यु तलक, सब पर वैदिक धर्म।
नामकरण हो, यज्ञोपवीत, विवाह या अंतिम विदा,
हर संस्कार में जुड़ी रही, आत्मा की विधि सदा।।

‘पंचमहायज्ञ विधि’ कहे, यज्ञों का आचार,

देव, ऋषि, पितृ, अतिथि, भू सबका हो सत्कार।
जीवन का यह कर्तव्यपथ, सबको करे समर्पित,
यही तो है आर्य धर्म का, अनुपम वैदिक चरित।।

'व्यवहार भानु' कहे नीति की, न्यायपूर्ण पहचान,
न्याय बिना जो राज चलेगा, होगा उसका त्रान।
चाहे राजा, चाहे प्रजा, सबकी समान सृष्टि,
धर्म सम्मत हो व्यवहार, यही स्वामी की दृष्टि।।

नारी शिक्षा के स्वर में, गूँजे वेदों की वाणी,
स्त्री पढ़े, परिवार पढ़े, नारी है विद्या कल्याण।
धर्म, ज्ञान, शिक्षा में नारी, कोई नहीं अधूरी,
वेदवाणी की वह अधिकारी, जीवन की वह धूरी।।

स्वामी के ग्रंथों में बसे, वेदों की संजीवनी,
हर पंक्ति में चमके भारत, श्लोक बने शुभ जीवनी।
जागो भारत! पढ़ो उन्हें, स्वामी से हो उद्धार,
स्वामी दयानंद का लेखन, वेद सत्य का आधार।।

@Dr. Raghavendra Mishra 

No comments:

Post a Comment